भारत बंद के आह्वान पर ट्रेड यूनियन सड़क पर उतरीं, बैंकों भी रहे बंद

ठेका श्रमिक, संविदा, आउटसोर्स कर्मियों को समान काम का समान वेतन, मजदूरों को न्यूनतम वेतन 21 हजार रुपये देने, वेज एक्ट वापस लिए जाने जैसी दर्जनभर मांगों के समर्थन में देशभर की ट्रेड यूनियनों से जुड़े कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। हड़ताल से बैंकों, बीमा कंपनियों, आयकर, समेत केंद्र व राज्य सरकार के तमाम सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ है। देहरादून में आज परेड ग्राउंड में ट्रेड यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। एस्ले हॉल स्थित पीएनबी बैंक के सामने कर्मचारियों का द्वारा प्रदर्शन किया गया। यहां गांधी पार्क के सामने सीपीआईएम के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं भारत बंद के चलते घंटाघर के पास इलाहाबाद बैंक के कर्मचारियों ने भी प्रदर्शन किया। हरिद्वार में ऋषिकुल आयुर्वेद कॉलेज में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यहां बैंक कर्मचारी भी प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे। चंद्राचार्य चौक पर ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों ने रैली निकाली। भेल में हड़ताल कर कर्मियों ने सड़क पर रैली निकाल कर अपना विरोध दर्ज कराया।


हल्द्वानी के बुद्धापार्क में ट्रेड यूनियनों के साझा मंच द्वारा आयोजित धरने पर बैठे विभिन्न संगठनों के लोग बैठे। रुद्रपुर में किसानों ने भारत बंद के आह्वान पर मलसी गांव में प्रदर्शन किया और गन्ने की ट्रॉली रोकी। ट्रेड यूनियन के आह्वान पर मजदूर संगठनों और आशा कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया।