देहरादून नगर निगम क्षेत्र में अगले माह से स्मार्ट वेंडिंग जोन और बारातघर बनाने के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। मार्च महीने के पहले सप्ताह में निगम टेंडर करा देगा। पीपीपी मोड में बारातघरों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं वेंडिंग जोन के लिए नगर निगम के कुछ जगह चिह्नित कर दी है। लाइसेंस धारकों को ही वेंडिंग जोन में जगह दी जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में मौजूदा समय में वेंडिंग जोन अव्यवस्थित तौर पर बने हैं। ना वहां पर बिजली और न ही पानी की समुचित व्यवस्था है। साथ ही पार्किंग भी पर्याप्त नहीं है। इस कारण सड़क किनारे बने वेंडिंग जोन के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। नगर निगम जो स्मार्ट वेंडिंग जोन बनाएगा। वहां पर पर्याप्त व्यवस्था होगी।
वेंडिंग जोन में ठेलियों की संख्या सीमित कर दी जाएगी। ताकि जगह खुली खुली दिखे। पहले से ही ठेली लगा रहे लाइसेंस धारकों को ही जगह मिलेगी। नेहरू कालोनी, पटेलनगर, सहस्त्रधारा रोड आदि जगह वेंडिंग जोन बनाए जाने का फैसला लिया गया है। जैसे जैसे जगह मिलती रहेगी, वैसे वैसे उक्त एरिये को वेंडिंग जोन के तौर पर विकसित कर दिया जाएगा। वेंडिंग जोन के टेंडर मार्च के महीने में कर दिए जाएंगे। मार्च में भी बारातघरों के निर्माण के लिए टेंडर करने की तैयारी है। उक्त काम भी पीपीपी मोड में होगा। बारातघर के लिए भी शहर के विभिन्न जगहों में पूर्व में जगह तय की हुई है। निगम की कोशिश रहेगी कि बारातघर का किराया ज्यादा न हो। नगर आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने बताया कि वेंडिंग जोन के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर जमीन का चयन किया गया है। मार्च माह में इनके टेंडर जारी करने के साथ ही बारातघरों को बनाने का काम पीपीपी मोड में दे दिया जाएगा।